गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल 2026 मुकाबला काफी रोमांचक रहा। गुजरात टाइटंस ने आखिरी गेंद तक चले मैच में एक रन से जीत हासिल की।
इस मैच में गुजरात के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर के बल्ले से भी खूब रन निकले। उन्होंने साई सुदर्शन के जल्दी आउट होने के बाद पारी को संभाला और ताबड़तोड़ रन बटोरे।
इस दौरान बटलर ने 27 गेंद में 52 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और पांच छक्के जड़े। इसके साथ ही जोस बटलर ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है।
दरअसल, जोस बटलर ने दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में पावरप्ले में पांच छक्के जड़े और अपना नाम रिकॉर्ड में दर्ज कर लिया। बटलर आईपीएल इतिहास में शुरुआती 6 ओवरों में पांच छक्के लगाने वाले केवल दूसरे नॉन-ओपनर बल्लेबाज बन गए हैं।
इस मामले में उनसे आगे दिग्गज सुरेश रैना हैं जिन्होंने आईपीएल 2014 के दूसरे क्वालीफायर में चेन्नई के लिए खेलते हुए पंजाब के खिलाफ शुरुआती 6 ओवर में 6 छक्के जड़े थे।
बटलर ने गुजरात की पारी के तीसरे ओवर में अपनी पारी का पहला छक्का लगाया। इसके बाद अक्षर पटेल के खिलाफ भी उन्होंने सिक्स जड़ा। पांचवें ओवर में मुकेश कुमार के खिलाफ भी तीन छक्के जड़े।
वहीं बटलर ने टी20 क्रिकेट में 600 छक्के मारने का रिकॉर्ड कायम किया। वहीं टी20 फॉर्मेट में वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों के अलावा पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने 600 से ज्यादा छक्के जड़े हैं।